हरसौली, 19 जुलाई। ग्राम हरसौली के वार्ड संख्या 11 एवं 12 में पिछले तीन-चार दिनों से कम वोल्टेज (डिम बिजली) की समस्या बनी हुई है। इसके कारण क्षेत्र के लोगों को भीषण गर्मी के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंखे, कूलर एवं अन्य विद्युत उपकरण पर्याप्त वोल्टेज के अभाव में सुचारु रूप से कार्य नहीं कर पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर अपनी पीड़ा मजदूर विकास फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष राजकपूर सारवान के समक्ष रखी। इस पर जिलाध्यक्ष राजकपूर सारवान ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तकनीकी टीम भेजकर कम वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा पहले भी संबंधित कार्यालय एवं ऑनलाइन माध्यम से शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन समस्या अब तक बनी हुई है।
राजकपूर सारवान ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में ग्रामीणों को पर्याप्त वोल्टेज के साथ नियमित विद्युत आपूर्ति मिलना आवश्यक है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए बिना विलंब आवश्यक कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जाए।
– प्रगति न्यूज़
