गरीब बेटी की शादी में रोटी बैंक बना सहारा, संस्था ने ₹10 हजार की आर्थिक सहायता दी

गरीब बेटी की शादी में रोटी बैंक बना सहारा, संस्था ने ₹10 हजार की आर्थिक सहायता दी

रोटी बैंक संस्था के सदस्य जरूरतमंद परिवार को बेटी की शादी के लिए ₹10,000 की आर्थिक सहयोग राशि भेंट करते हुए।

खैरथल। पिछले 6 वर्षों से संचालित सामाजिक संस्था रोटी बैंक निरंतर जरूरतमंदों की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। इसी क्रम में संस्था ने एक गरीब परिवार की बेटी की शादी के लिए ₹10,000 की आर्थिक सहायता प्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की है।

रोटी बैंक के संरक्षक विक्रम सिंह चौधरी (विक्की) तथा संस्था के संस्थापक एवं संचालक रवि दासवानी ने बताया कि खैरथल के सुभाष नगर कॉलोनी वार्ड नंबर 20 में एससी समाज के एक गरीब परिवार की बेटी की शादी की सूचना मिलने पर रोटी बैंक के सदस्य परिवार से मिलने पहुंचे और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण संस्था ने सहयोग करने का निर्णय लिया।

उन्होंने बताया कि लड़की के पिता का करीब 12 वर्ष पहले निधन हो चुका है। वहीं उसकी मां आंखों से दिव्यांग होने के बावजूद घरों में काम करके किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रही है। बेटी की शादी 11 मार्च को निर्धारित है।

इसी को देखते हुए रोटी बैंक परिवार के सदस्य एकत्रित हुए और संस्था के सदस्य विक्की चौधरी के कार्यालय में लड़की के परिवार को ₹10,000 की आर्थिक सहयोग राशि भेंट की गई।

गौरतलब है कि रोटी बैंक संस्था पिछले 6 वर्षों से लगातार समाज सेवा के कार्य कर रही है। संस्था द्वारा प्रतिदिन खैरथल रेलवे स्टेशन पर लगभग 50 जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरण किया जाता है।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष एवं रोटी बैंक के संरक्षक विक्रम सिंह चौधरी, रोटी बैंक के कोषाध्यक्ष विक्की कौशलानी, जफरू ठेकेदार, संजय तनेजा, मुनमुन चौधरी, करण सैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post