खैरथल-तिजारा/किशनगढ़बास, किशनगढ़बास विधायक दीपचन्द खैरिया ने राज्य सरकार के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बजट से आमजन में निराशा का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले बजट में की गई कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ अब तक धरातल पर पूरी नहीं हो सकी हैं, जिसके कारण जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
विधायक खैरिया ने कहा कि सरकार नई योजनाओं की घोषणा तो कर रही है, लेकिन पहले की अधूरी योजनाओं को पूरा करने की दिशा में गंभीरता नहीं दिख रही। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार नाम बदलने में माहिर है और कई योजनाएँ पूर्व कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई थीं, जिनमें केवल नाम परिवर्तन कर उन्हें नई उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खैरथल-तिजारा जिले और किशनगढ़बास क्षेत्र की जनता को विकास कार्यों की वास्तविक आवश्यकता है, केवल घोषणाओं और नाम बदलने से क्षेत्र का विकास संभव नहीं है।
विधायक ने सरकार से मांग की कि पिछली बजट घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए तथा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं – सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा – पर ठोस कदम उठाए जाएँ।
