खैरथल/अलवर, जिला मुख्यालय खत्म करने के विरोध में चल रहा संघर्ष अब 48वें दिन में प्रवेश कर चुका है। संघर्ष समिति द्वारा लगातार धरना-प्रदर्शन और आंदोलन की राह पर डटे रहने से जनआंदोलन का स्वरूप और बड़ा होता जा रहा है।
आज के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उपस्थिति दर्ज कराते हुए आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग लगातार धरना स्थल पर पहुँच रहे हैं और समिति की आवाज़ को बुलंद कर रहे हैं।
सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि आज कांग्रेस पार्टी की अलवर व खैरथल यूनिट भी आधिकारिक तौर पर संघर्ष समिति के आंदोलन में शामिल हुई। कांग्रेस नेताओं ने जिला मुख्यालय समाप्त करने के निर्णय को जनविरोधी करार दिया और जनता के हितों की अनदेखी बताई। उन्होंने समिति को आश्वासन दिया कि इस लड़ाई में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती से साथ खड़े रहेंगे।
संघर्ष समिति ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक प्रशासनिक निर्णय के खिलाफ नहीं, बल्कि आम जनता के हक और क्षेत्र के विकास की आवाज़ है। समिति ने जिला मुख्यालय यथावत रखने की माँग को दोहराया और साफ किया कि जब तक सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
धरना स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी की और एकजुट होकर संघर्ष को आगे बढ़ाने की शपथ ली। समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज़ करने के लिए नई रणनीति घोषित की जाएगी।

Post a Comment