औचक निरीक्षण में 11 चिकित्सक अनुपस्थित, कारण बताओ नोटिस जारी

औचक निरीक्षण में 11 चिकित्सक अनुपस्थित, कारण बताओ नोटिस जारी
खैरथल-तिजारा, 01 अक्टूबर।

जिला कलेक्टर किशोर कुमार के निर्देशन में उप जिला अस्पताल तिजारा में बुधवार को उपखण्ड अधिकारी तिजारा द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में बड़ी लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान कुल 11 चिकित्सक अपने कक्षों में अनुपस्थित पाए गए।

अनुपस्थित चिकित्सकों में संस्था प्रभारी डॉ. प्रवीण शर्मा, डॉ. नीरज पुरी, डॉ. अक्षय शर्मा, डॉ. अंकित गुप्ता, डॉ. प्रियंका शर्मा, डॉ. रेखा यादव, डॉ. बरखा गुप्ता, डॉ. सतेंद्र कुमार, डॉ. रजनीश खोहिया, डॉ. विश्वेद, डॉ. देवेंद्र शर्मा एवं डॉ. निधि यादव शामिल हैं।

निरीक्षण में सभी चिकित्सक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। उपखण्ड अधिकारी ने इस संबंध में तुरंत सूचना मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी खैरथल-तिजारा को दी। तत्पश्चात सीएमएचओ मौके पर पहुंचे और पुनः निरीक्षण किया, जिसमें स्थिति यथावत मिली।

जिला कलेक्टर के निर्देश पर सीएमएचओ ने सभी अनुपस्थित चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर राजस्थान सिविल सेवा नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

जिला कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि जनस्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post