Top News

मई-जून का राशन नहीं मिलने पर मजदूर विकास फाउंडेशन ने DSO से की कार्रवाई की मांग

खैरथल। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र परिवार को मई एवं जून माह का राशन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मजदूर विकास फाउंडेशन ने जिला रसद अधिकारी (DSO) खैरथल-तिजारा को पत्र भेजकर शिकायतकर्ता को लंबित राशन उपलब्ध करवाने की मांग की है।

फाउंडेशन के शिकायत निवारण पोर्टल पर प्राप्त शिकायत आईडी MVF696039 के अनुसार ग्राम जिलोता निवासी एवं वर्तमान में आनंद नगर कॉलोनी, खैरथल में रह रहे विजय सिंह पुत्र मम्मन राम ने बताया कि वे लंबे समय से स्थानीय उचित मूल्य दुकान से राशन प्राप्त करते आ रहे हैं। राशन डीलर द्वारा ई-केवाईसी करवाने के निर्देश दिए गए थे, जिसे उन्होंने पूरा करवा लिया। इसके बावजूद उन्हें मई एवं जून माह का राशन नहीं दिया गया।

शिकायत के अनुसार पहले उन्हें विभिन्न कारण बताकर टाल दिया गया और बाद में स्टॉक समाप्त होने का हवाला देकर ग्राम जिलोता के राशन डीलर के पास भेज दिया गया। वहां भी स्टॉक समाप्त होने की बात कहकर राशन देने से मना कर दिया गया।

मजदूर विकास फाउंडेशन ने कहा कि इस कारण शिकायतकर्ता एवं उनका परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित हो रहा है तथा आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहा है। फाउंडेशन ने जिला रसद अधिकारी से मामले की जांच करवाकर शिकायतकर्ता को मई एवं जून माह का लंबित राशन शीघ्र उपलब्ध करवाने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post